दिल्ली में खौफनाक घटना! 2 नाबालिग लड़कों ने चाकू से गोदकर युवक को मार डाला
दिल्ली पुलिस ने एक खौफनाक घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने दो नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लेने के बाद बताया कि दोनों ही एक शख्स की चाकुओं से गोदकर हत्या करने के आरोपी हैं।

दिल्ली में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक कबाड़ बिनने वाले को दो नाबालिग लड़कों चाकुओं से गोदकर मार डाला। इस मामले पर ऐक्शन लेते हुए दिल्ली पुलिस ने दोनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने नाबालिगों से पूछताछ की तो दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि मृतक से उनकी पुरानी दुश्मनी थी। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेने के बाद पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।मामला दिल्ली के गोकलपुरी पुलिस थाना क्षेत्र का है। यहां पुलिस नियंत्रण कक्ष को शाम को करीब साढ़े चार बजे एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने बताया कि वहां एक शख्स को चाकू मारकर घायल कर दिया गया है। इस मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि यहां के भागीरथी विहार इलाके की गली नंबर-6 में पहुंचने पर पता चला कि 18 साल के लड़के को घायल अवस्था में जीटीबी अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने बताया कि जब वहां पहुंचे तो डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया था।
इस मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज देखनी शुरू कर दी। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद पुलिस को पता चल गया कि दो लोगों ने मृतक को चाकू से मारा है। इसे देखते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गोकुलपुरी थाने में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इसमें पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया है।इस मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी आशीष मिश्रा ने बताया कि सबूतों के आधार पर दो नाबालिग लड़कों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि दोनों को गिरफ्तार करने के बाद जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
				
					


