कौन बनेगा अगला शिकार? PK के पिटारे ने बढ़ाई बेचैनी”
प्रशांत किशोर सोमवार को नेताओं पर फिर आरोप लगाने वाले हैं। अब किसका नंबर आएगा, इसको लेकर अटकलों का बाजार गर्म है। वो सम्राट चौधरी, मंगल पांडेय, अशोक चौधरी के अलावा दिलीप जायसवाल और संजय जायसवाल पर पहले ही विभिन्न आरोप लगा चुके हैं।

जन सुराज पार्टी सुप्रीमो प्रशांत किशोर सोमवार की दोपहर 12 बजे फिर से कुछ नेताओं पर नए आरोप से बिहार की राजनीति गर्माने वाले हैं। सोशल मीडिया पर लोग मजा ले रहे हैं कि इस बार किसका नंबर है। संभावना है कि प्रशांत किशोर एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) या जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के पांच नेताओं पर ही कोई नया आरोप लगाएं, जिनको वह पहले भी निशाने ले चुके हैं। आज के खुलासे में जेडीयू के मंत्री अशोक चौधरी टारगेट होंगे, यह प्रशांत के ही पिछले हफ्ते दिए बयान से साफ है। अशोक चौधरी के 100 करोड़ के मानहानि नोटिस के बाद प्रशांत ने बुधवार को कहा था कि चौधरी एक और नोटिस तैयार कर लें क्योंकि वो 2-3 दिन में और खुलासा करने वाले हैं।प्रशांत किशोर अब तक भाजपा नेता और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और नीतीश कुमार की सरकार में मंत्री मंगल पांडेय, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद संजय जायसवाल के साथ-साथ जेडीयू के मंत्री अशोक चौधरी पर अलग-अलग तरह के आरोप लगा चुके हैं।
प्रशांत किशोर ने जब अशोक चौधरी पर बेटी शांभवी चौधरी को पैसा देकर समस्तीपुर से चिराग पासवान की पार्टी से लोकसभा चुनाव का टिकट देने का आरोप लगाया था, तब नोटिस भेजने के बाद चौधरी ने पटना कोर्ट में पीके के खिलाफ मानहानि का केस किया था। प्रशांत ने अशोक पर फिर आरोप लगाया कि उन्होंने दो साल में 200 करोड़ की संपत्ति जुटा ली है। पीके ने आरोप को लेकर शांभवी, पति सायन कुणाल, सास अनिता कुणाल को भी लपेटा था। इस आरोप के बाद ही चौधरी ने 100 करोड़ की मानहानि का नोटिस भेजा था।प्रशांत किशोर ने सम्राट चौधरी की उम्र और डिग्री पर सवाल उठाया है। मंगल पांडेय पर प्रशांत ने दिल्ली में फ्लैट खरीदने के लिए दिलीप जायसवाल से पिता के जरिए तब 25 लाख का उधार लेने का आरोप लगाया है, जब उनकी पत्नी के बैंक खाते में 2 करोड़ से ऊपर जमा था। दिलीप जायसवाल पर प्रशांत ने किशनगंज के मेडिकल कॉलेज पर कब्जा करने और हत्या के एक केस में शामिल रहने का आरोप लगाया है और इसको लेकर पार्टी ने हाईकोर्ट में पिटिशन भी दाखिल कर दी है। संजय जायसवाल पर पेट्रोल पंप को लेकर कई तरह के आरोप लगाए गए हैं। जवाब में संजय जायसवाल ने प्रशांत किशोर की फंडिंग पर सवाल उठाए हैं।


