रामलला के भक्तों के लिए खुशखबरी अयोध्या में 25 स्थानों पर शुरू हुए ‘मे आई हेल्प यू’ डेस्क

अगर आप भी रामलला के दर्शन करने और अयोध्या धाम की पावन भूमि पर कदम रखने की तैयारी कर रहे हैं, तो यह शुभ सूचना आपके लिए है। अब अयोध्या की ऐतिहासिक, धार्मिक और पौराणिक स्थलों की जानकारी आपको बिल्कुल मुफ्त, और वह भी आपकी अपनी भाषा में मिलेगी। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए अयोध्या नगर निगम ने एक बेहद उपयोगी और सेवाभाव से जुड़ी पहल की है। अयोध्या धाम के 25 प्रमुख स्थानों पर “मे आई हेल्प यू” डेस्क की स्थापना की गई है, जहां हर श्रद्धालु को एक ही स्थान पर समस्त जानकारी सुलभ होगी।

राम मंदिर के भव्य निर्माण और रामलला के प्राकट्य के बाद अयोध्या देश और दुनिया के कोने-कोने से आने वाले श्रद्धालुओं का केंद्र बन चुका है। हर दिन लाखों भक्त अयोध्या पहुंचते हैं, अपने आराध्य प्रभु श्रीराम के दर्शन कर निहाल होते हैं और इस दिव्यता को अपने हृदय में संजोकर लौटते हैं। ऐसे में यह ज़रूरी था कि अयोध्या आने वाले हर भक्त को केवल दर्शन ही नहीं, बल्कि अयोध्या की आत्मा से भी परिचय कराया जाए।

इसी सोच के साथ अयोध्या नगर निगम ने यह निर्णय लिया है कि इन हेल्प डेस्क के माध्यम से भक्तों को अयोध्या की संस्कृति, मठ-मंदिरों, पुरातात्विक स्थलों और धार्मिक महत्व के बारे में गहराई से जानकारी दी जाए। इन केंद्रों पर आपको स्थानीय गाइड से लेकर प्राथमिक चिकित्सा सेवाएं, मार्गदर्शन और अन्य जरूरी सहायता भी पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।

महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने बताया कि यह सेवा राम भक्तों के लिए समर्पित है, ताकि जब वे अपने गंतव्य को लौटें तो न केवल दर्शन का आनंद, बल्कि अयोध्या की आत्मा को भी अपने साथ ले जाएं। अयोध्या अब सिर्फ तीर्थ नहीं, बल्कि श्रद्धा, संस्कृति और सेवा का संगम बन चुकी है जहां हर भक्त को मिलेगा दिव्यता का अनुभव और अपनेपन का अहसास।

Related Articles

Back to top button